समस्तीपुर में गुरुवार की दोपहर दो घरों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि किचेन में रखा गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया।
धमाके की गूंज से आसपास का इलाका दहल गया। देखते ही देखते आग ने बगल के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया।
जब तक लोग आग पर काबू पाते, तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि जानमाल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र की छतौना पंचायत की है। गुरुवार की दोपहर भूसारी गांव के वार्ड-18 स्थित चुनचुन महतो के घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
जब तक घर के लोग संभल पाते, आग फैल गई और पड़ोसी भातू महतो के घर को भी अपनी जद में ले लिया।
अगलगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने इसकी सूचना दमकल कर्मियों को फोन पर देना चाहा तो मोबाइल नहीं लगा।
उसके बाद ग्रामीण अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए। लेकिन आग इतनी भयानक तरीके से लगी थी कि उस पर आसानी से काबू नहीं पाया जा सका।
उसके बाद सभी ने इसकी सूचना सदर एसडीओ को दी। सदर एसडीओ ने इसकी जानकारी दमकल कर्मियों को दी।
करीब आधे घंटे बाद बाद फायर बिग्रेड की टीम समस्तीपुर से पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई। एक घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फायर ब्रिगेड की टीम के मुताबिक शॉर्ट सर्किट से आग की बात सामने आ रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।
चुनचुन महतो ने बताया कि अगलगी में दोनों घरों से करीब एक लाख के गहने, बर्तन, कपड़े समेत तीन लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.