भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष और सांसद बी संजय कुमार को गिरफ्तारी के बाद सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने इसकी जानकारी दी.
पुलिस ने बताया कि कुमार को विभिन्न आरोपों में गिरफ्तार किया गया था जिनमें आपदा प्रबंधन अधिनियम के प्रावधान के अलावा लोक सेवक की ओर से जारी आदेश के उल्लंघन का आरोप है.
कुमार को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 333 के तहत गिरफ्तार किया गया है, जो गैर-जमानती है और सत्र अदालत में विचाराधीन है. बीजेपी नेता को सोमवार की दोपहर को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया.
बता दें कि करीमनगर से लोकसभा सदस्य कुमार को रविवार की रात उस समय हिरासत में लिया गया, जब उन्होंने राज्य सरकार के आदेश (नंबर 317) के खिलाफ शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों के साथ एकजुटता दिखाते हुए ‘जागरण’ विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी.
बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ने पुलिस की कार्रवाई को ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ करार दिया है. नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव हताशा में यह कार्रवाई कर रहे हैं. भाजपा को दक्षिणी राज्य मिल रही लोकप्रियता और हाल में उपचुनाव में जीत मिलने से राव हताश हो गए हैं.
गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए नड्डा ने कहा कि तेलंगाना सरकार ने कुमार और बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ ‘अमानवीय’ व्यवहार किया क्योंकि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने से पहले पीटा गया. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘यह लोकतंत्र की हत्या है. हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं.’’
नड्डा ने शिक्षकों की मांगों के लिए समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि तेलंगाना बीजेपी प्रमुख कोविड-19 के सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुये अपने कार्यालय में शांतिपूर्वक विरोध कर रहे थे.
- यह भी पढ़ें
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.