कोरोना वैक्‍सीन की पहली डोज लेने के बाद दो लाख लोग हुए गायब ! फूले प्रशासन के हाथ-पांव


ओमिक्रोन और कोरोना की तीसरी लहर के खतरों के बीच लोगों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है पलामू जिले में कोविड-19 की पहली डोज लेने वाले दो लाख लोग दूसरी डोज लेने के लिए सामने नहीं आए हैं।

उनकी वैक्सीनेशन का समय कब का खत्म हो चुका है। लोगों की इस लापरवाही को लेकर जिला प्रशासन गंभीर हो गया है। पलामू जिला प्रशासन ने वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लेने वालों के लिए कॉल सेंटर की स्थापना की है।

इसके जरिए दूसरी डोज नहीं लेने वाले लोगों को मॉनिटर किया जा रहा है। उन्हें लगातार कॉल के माध्यम से दूसरी डोज लेने के लिए बोला जा रहा है। पलामू सिविल सर्जन डॉक्टर अनिल सिंह मुताबिक इस कॉल सेंटर से प्रतिदिन करीब 15 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि पहली डोज ले चुके व्यक्ति दूसरी डोज लेने के लिए सामने आएं।

बुधवार (29 अक्तूबर) को हुसैनाबाद में जहां कोरोना का एक मरीज मिला था, वहीं गुरुवार को दो व्यक्तियों में संक्रमण मिला है। एक संक्रमित सीआरपीएफ का जवान है, जो नक्सल विरोधी अभियान के लिए जिले में तैनात है।

पलामू में अब तक 12 लाख लोगों ने कोविड-19 की जांच करवाई है, जिसमें से 12 हजार 185 लोग पॉजिटिव निकले थे और ठीक हो गए। पलामू में कोविड-19 से अब तक 110 लोगों की मौत हुई है।

अब तक 9.80 लाख लोगों ने कोविड-19 का वैक्सीन ले लिया है। पलामू में लक्ष्य के अनुसार अब तक 70 प्रतिशत लोगों ने वैक्सीन ले लिया है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ