| सांकेतिक तस्वीर |
बेटी की मौत से दुखी पिता ने कहा कि अगर हत्यारों को पकड़ा नहीं गया तो वह सरकारी कार्यालय के बाहर आत्मदाह करेंगे।
जिस क्रूर तरीके से दहेज लोभियों ने काजोल की हत्या की है, उसके बाद अब धीरे धीरे शहर के लोगों ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अपनी आवाज उठानी शुरू कर दी है।
जिले के रजौली थाना क्षेत्र के रजौली बाजार स्थित बभनटोली माेहल्ले में विवाहिता काजोल कुमारी की हत्या मामले में अबतक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। जिससे मायके के स्वजनों में काफी नाराजगी है।
मृतका के पिता नगर थाना क्षेत्र के रामनगर मोहल्ला निवासी देवेंद्र प्रसाद ने बताया कि 12 दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दर्ज प्राथमिकी में मृतका के पति धीरज कुमार, भैसुर नीरज कुमार, सास वीणा देवी और गोतनी ज्योति कुमारी को नामजद किया गया है। लेकिन रजौली थाना की पुलिस अबतक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में बेटी काजोल की शादी धीरज के साथ हुई थी। शादी के वक्त 17 लाख रुपये नगद एवं तीन लाख रुपये का सामान दिया गया था।
शादी के कुछ दिन बाद ही आठ लाख रुपये या फिर चार पहिया वाहन की मांग होने लगी। असमर्थता जताने पर बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा।
मांग की पूर्ति नहीं होने पर बेटी को जलाकर मारने की कोशिश भी की गई। जिससे वह काफी झुलस गई थी। स्थिति गंभीर होने पर बेटी को विम्स पावापुरी, में भर्ती कराया गया। फिर वहां से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
ससुरालवालों ने पीएमसीएच नहीं ले जाकर बिहार शरीफ में एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जहां उसकी मौत हो गई। उसकी मौत के बाद ससुराल के लोग फरार हो गए।
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.