दो पहिया वाहन खरीदने वालों के लिए आज हम ऐसी खबर लेकर आए हैं, जिसे पढ़कर आप की 2,000 रुपये तक की बचत हो सकती है।
दरअसल टू-व्हीलर बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी Hero MotoCorp ने अपनी बाइक्स और स्कूटरों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है.
कंपनी ने कहा है कि अगले साल 4 जनवरी से वह स्कूटर और मोटरसाइकिल के दामों में 2,000 रुपये तक का इजाफा करेगी.
कंपनी ने इस बारे में स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई सूचना में कंपनी ने कहा है कि बढ़ती लागत कीमतों के चलते यह कदम उठाना जरूरी हो गया है.
कंपनी का कहना है कि किसी बाइक या स्कूटर की कीमत में कितना इजाफा होगा यह मॉडल पर निर्भर करेगा.
इसके अलावा हीरो मोटोकॉर्प द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में भी कहा गया है कि कंपनी 4 जनवरी, 2022 से अपनी मोटरसाइकिलों और स्कूटरों की एक्स-शोरूम कीमतों (ex-showroom prices) में बढ़ोतरी करेगी.
बता दें कि पिछले छह महीने के भीतर हीरो मोटोकॉर्प के दोपहिया वाहनों की कीमतों में की जाने वाली यह तीसरी बढ़ोतरी होगी.
इससे पहले कंपनी ने 1 जुलाई को मोटरसाइकिलों और स्कूटरों की एक्स-शोरूम कीमतों में 3,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी, इसके बाद 20 सितंबर को 3,000 रुपये का इजाफा किया था.
दोपहिया वाहन बाजार में हीरो मोटोकार्प लीडर है. इस समय इसकी करीब 36 फीसदी की हिस्सेदारी है. गुड़गांव, धारुहेड़ा, हरिद्वार और राजस्थान के नीमराना में इसके प्लांट हैं.
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.