उपज बढ़ाने के लिए किसान वैज्ञानित तकनीकों के अलावा कई बार कुछ ऐसे अजीबोगरीब तरीके या जुगाड़ अपनाते हैं, जिन्हें जानकर लोग हैरान रह जाते हैं. महाराष्ट्र में कई प्याज किसान भी आजकल कुछ ऐसा ही कर रहे हैं.
मराठवाड़ा क्षेत्र के उस्मानाबाद जिले के कुछ तालुकों में प्याज को ज्यादा चमक देने के लिए कई किसान प्याज के पौधों पर देसी शराब (Alcohol) का छिड़काव कर रहे हैं.
किसानों का यह प्रयोग चर्चा का विषय बना हुआ है. किसानों का दावा है कि इस तरह के प्रयोग से प्याज में न सिर्फ चमक आती है बल्कि बीमारियों का प्रकोप भी कम होता है.
किसानों का बताना है कि सिर्फ इसी क्षेत्र में ही नहीं आसपास के कई अन्य जिलों में भी ऐसा प्रयोग हो रहा है.
इस जुगाड़ू नुस्खे को आजमाने वाले एक किसान का कहना है कि अल्कोहल का छिड़काव करने से प्याज अच्छे होते हैं और फसल में लगने वाले कई तरह के कीट भी मर जाते हैं.
हालांकि, महाराष्ट्र कांदा उत्पादक संगठन के संस्थापक अध्यक्ष भारत दिघोले इस तरह के दावों को खारिज करते हुए कहते हैं कि कुछ किसान अफवाह के शिकार हो गए हैं, इसलिए वे ऐसा कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि मैंने भी सुना है कि कुछ किसान प्याज की फसल पर अल्कोहल का स्प्रे कर रहे हैं, लेकिन हम इसका समर्थन नहीं करते हैं.
उधर, कृषि वैज्ञानिकों का भी कहना है कि अल्कोहल के स्प्रे से फसलों को फायदा पहुंचने का कोई साइंटिफिक प्रमाण नहीं है. लैब में ऐसा कोई टेस्ट भी नहीं किया गया.
उन्होंने कहा कि अल्कोहल में कीटों को मारने का कोई गुण नहीं होता. अच्छी फसल के लिए पोषक तत्व और कीटों को मारने के लिए कीटनाशक छिड़कना होता है. सोशल मीडिया में कोई चीज आने पर लोग बिना सोचे-समझे आजमाने लगते हैं, जो ठीक नहीं है.
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.