दुनिया में फेमस सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी कोका-कोला कंपनी काफी वक्त से चर्चा में है। कुछ दिन पहले मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टिआनो रोनाल्डो ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी थीं, अब एल्युमिनियम ने बढ़ा दी है। दरअसल अब कंपनी के पास एल्यूमिनियम कैन की भारी कमी हो गई है।
कंपनी के डाइट कोक और कोक जीरो ये दोनों सॉफ्ट ड्रिंक्स एल्युमिनियम के कैन में भरकर आती हैं। डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक कोका कोला कंपनी के इस ब्रांड को पैक करने वाली कंपनी ने कहा है कि कोरोना महामारी के चलते उनके पास लॉजिस्टिक्स की कमी हो रही है जिसमें ये एल्युमिनियम कैन भी शामिल हैं।
ये कमी सबसे ज्यादा ब्रिटेन में देखने को मिल रही है। रोड हॉलेज एसोसिएशन ने बताया है कि ब्रिटेन में भारी माल को लाने-ले जाने वाले ड्राइवरों की कमी करीब 1 लाख से ज्यादा है।
ऐसा कोरोना महामारी और ब्रेक्जिट के कारण हो रहा है। जिसके चलते काफी लॉजिस्टिक्स की समस्या खड़ी हो गई है। इसमें सबसे बड़ी समस्या है एल्युमिनियम कैन की कमी।
कंपनी ने बताया कि आगे ये समस्या बढ़ सकती है मगर इसे जल्द से जल्द हल करने की कोशिश की जा रही है।
कुछ वक्त पहले क्रिस्टियानो रोनाल्डो के कारण भी कोका-कोला की काफी बेइज्जती हुई थी और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा था। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जैसे ही रोनाल्डो आए, उन्होंने देखा कि टेबल पर उनके सामने कोका कोला की बोतल रखी हुई है।
इसके बाद फुटबॉलर ने खुद ही बोतल को हटा दिया और इसके बाद पानी की बोतल को उठाया और फैंस से कोका कोला की बजाय पानी पीने की अपील की। रोनाल्डो की इस अपील के बाद कोका कोला कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ा। यह कंपनी यूरो कप की प्रायोजक भी है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.