सड़क हादसे में जख्मी छात्र की मौत पर ग्रामीणों ने आगजनी कर की सड़क जाम


बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बार तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। घटना सरैया थाना क्षेत्र के सहदानी बसैठा मार्ग स्थित दामोदर छपरा के समीप घटी। जिसमें दसवीं के छात्र राजकुमार (15) की मौत हो गयी। 

वह दामोदरपुर छपरा का रहने वाला था। मौत से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार की सुबह शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। मुआवजा के लिए जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। टायर जलाकर आगजनी कर आवागमन बाधित कर दिया। इससे भीषण जाम की समस्या बन गयी। आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। 

मृत छात्र के परिजन ने सीओ पर आरोप लगाया कि कई बार कॉल करने के बावजूद उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इस कारण सभी आक्रोशित हो उठे। सूचना मिलने पर सरैया थानेदार रविन्द्र कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।उग्र लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया।

दामोदर छपरा निवासी राजकुमार अपने दादा रामयश पंडित के साथ साइकिल से बुधवार को जा रहा था। इसी दौरान एक तेज़ रफ़्तार पिकअप वैन ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इसमें राजकुमार गम्भीर रूप से घायल हो गया।

वहीं दादा रामयश पंडित भी घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। राजकुमार की गम्भीर हालत देखते हुए उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। जहां गुरुवार रात उसकी मौत हो गयी।  पोस्टमार्टम के बाद सुबह में शव लेकर पहुंचे परिजन ने मुआवजे के लिए सड़क जाम कर दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ