इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड करने बाद चर्चाओं में आई महिला आरक्षी प्रियंका मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है।
फिलहाल एसएसपी ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। एसएसपी का कहना है कि महिला आरक्षी से बातचीत की जाएगी।
जानकारी में आया है कि वह सोशल मीडिया पर किए जा रहे कमेंट से आहत हैं। उनके परिजनों को भी बुलाया जाएगा। उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।
24 अगस्त को महिला आरक्षी प्रियंका मिश्रा को लाइन हाजिर किया गया था। मूलत: कानपुर निवासी प्रिंयका की एमएम गेट थाने में तैनाती थी।
झांसी में ट्रेनिंग के बाद आगरा में उनकी पहली तैनाती है। वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करने का शौक है।
उन्होंने एक वीडियो वर्दी में हाथ में रिवाल्वर लेकर बनाया था। वीडियो रंगबाजी को लेकर था।
जिसमें बोला गया था कि उत्तर प्रदेश में पांच-पांच साल के लड़के कट्टा चलाते हैं। इसी वीडियो के वायरल होने के बाद सीओ कोतवाली अर्चना सिंह की रिपोर्ट पर उन्हें लाइन हाजिर किया गया था।
प्रियंका मिश्रा ने एसएसपी मुनिराज जी को अपना इस्तीफा सौंपा है। एसएसपी मुनिराज ने बताया कि फिलहाल इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.