सालभर पहले रचाई थी शादी, फंदे पर झूलता मिला नवदंपती का शव


लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र स्थित लात गांव में नवविवाहित दंपती का अलग-अलग जगहों पर फंदे से झूलता हुआ शव बरामद किया गया।

लात गांव की रविता कुमारी का इसी पंचायत के गासेदाग के रहने वाले अनुज उरांव से बीते एक वर्ष पूर्व प्रेम संबंध के बाद विवाह हुआ था।

रविवार को रक्षा बंधन के मौके पर अनुज अपनी पत्नी रविता के साथ लात गांव आया हुआ था। दोनों घर पर ही थे। दोपहर के आस पास स्थानीय लोगों ने अनुज उरांव को घर का दरवाजा बाहर से लगाकर जाते हुए देखा।

इसी दौरान रविवार की देर शाम उसके वापस नहीं लौटने पर जब घर का दरवाजा खोला गया, तो फंदे से झूलता हुआ रविता का शव पाया गया। बाद में उसके पति को ढूंढ़ने का प्रयास किया गया तो पास के ही जंगल में एक पेड़ से झूलता हुआ अनुज उरांव का शव भी पाया गया।

आशंका व्यक्त की जा रही है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर दूर जंगल में जाकर स्वयं भी आत्महत्या कर ली।

छिपादोहर थाना प्रभारी विश्वजीत तिवारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। साथ ही पोस्टमार्टम के लिए शव को लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले में परिवार के लोगों की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर नियम संगत कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ