अफगानिस्तान में फंसे भारतीय कर्मचारियों व अन्य लोगों को भारत लाने का सिलसिला जारी है, इस बीच काबुल से तीन कुत्तों को भी विमान से वापस भारत लाया गया है।
ये तीनों खोजी कुत्ते बेहद खास हैं, क्योंकि इन्हें राजधानी काबुल में भारतीय दूतावास की सुरक्षा में तैनात किया गया था. इनके नाम माया, रूबी और बॉबी हैं। उन्हें भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के 99 जवानों के साथ ही मंगलवार को भारतीय वायु सेना ने वहां से निकाला।
आईटीबीपी के 99 कमांडो की टुकड़ी के साथ 3 कुत्ते ईंधन भरने के लिए जामनगर एयरबेस पर कुछ देर रुकने के बाद गाजियाबाद के हिंडन आईएएफ बेस पर उतरे। कुत्तों को आईटीबीपी केंद्र एनटीसीडी (कुत्तों के लिए राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र), भानु, पंचकुला में प्रशिक्षित किया गया था।
इन कुत्तों ने काबुल में आतंक को सूंघने और भारतीय संपत्ति को सुरक्षित करने के लिए काम किया। इन्हें 2019 में काबुल स्थित भारतीय दूतावास में तैनात किया गया था।
बता दें कि काबुल में भारतीय राजदूत एवं दूतावास के कर्मियों समेत 120 लोगों को लेकर भारतीय वायुसेना का एक विमान मंगलवार को अफगानिस्तान से गुजरात के जामनगर पहुंचा। सी-19 विमान पूर्वाह्न 11 बजकर 15 मिनट पर जामनगर में वायुसेना अड्डे पर उतरा और फिर वह ईंधन भराने के बाद तीन बजे अपराह्न दिल्ली के समीप स्थित हिंडन एयरबेस के लिए रवाना हो गया।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.