धान व गेहूं की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें बीज की खरीद पर अनुदान देने का फैसला किया है।
बीज के लिए सरकार की ओर से मिलने वाले अनुदान की अधिकतम राशि 2000 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है। उम्मीद है कि इससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने गेहूं और धान के बीज पर अन्य केंद्रीय योजनाओं के बराबर अनुदान देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत धान और गेहूं के बीज पर किसानों को मूल्य का 50 प्रतिशत व अधिकतम 2,000 रुपये प्रति क्विंटल (जो भी कम हो) का अनुदान दिया जाएगा।
बता दें कि केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, पूर्वी भारत में हरित क्रांति के विस्तार की योजना, एकीकृत धान्य विकास कार्यक्रम के तहत किसानों को धान के लिए अधिकतम 1,750 रुपये और गेहूं के लिए 1,600 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान की व्यवस्था है।
इस प्रकार केंद्र द्वारा दिए जा रहे अनुदान के अतिरिक्त धान के बीज पर 250 रुपये व गेहूं के बीज पर 400 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त अनुदान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दिया जाएगा।
बता दें कि केंद्र सरकार की अनुदान योजनाओं के अतिरिक्त राज्य सरकारें भी अपने स्तर पर धान व गेहूं की खेती करने वाले किसानों को आर्थिक प्रोत्साहन देने की योजनाएं चलाती हैं।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.