यह कंपनी पूरे वेतन के साथ देगी 26 हफ्ते की पेरेंटल लीव, जानिए क्‍या-क्‍या मिलेगा लाभ

दिग्‍गज मल्‍टी नेशनल कंपनी डियाजियो ने यूनाइटेड किंगडम (यूके) में कार्यरत अपने सभी महिला व पुरुष कर्मचारियों को पूरे वेतन के साथ 26 सप्ताह की पेरेंटल लीव देने की घोषणा की है. इसे दुनिया का सबसे बेहतर पेरेंटल लीव बेनिफिट बताया जा रहा है. कंपनी ने दरअसल पुरुषों और महिलाओं समान रूप से 52 सप्ताह यानी एक वर्ष की पेरेंटल लीव देने का फैसला किया है. इसमें से पहले 26-सप्ताह का अवकाश पूरे वेतन के साथ दिया जाएगा.

इस घोषणा के बाद अब यूके में डियाजियो के लिए काम करने वाले माता-पिता समान रूप से पूर्ण-भुगतान वाले 26 सप्ताह के लिए पात्र होंगे. इसमें कोई लिंग भेद नहीं होगा इसके अलावा संतान का जन्‍म चाहे स्वाभाविक रूप से यानी जैविक रूप से हुआ हो या सरोगेसी से हो, सबको समान रूप से यह अवकाश मिलेगा. बच्चा गोद लेने वाले माता-पिता भी इस पेरेंटल लीव के हकदार होंगे. कंपनी की ओर से यह महत्वाकांक्षी कदम अपने संस्थान में लैंगिक समानता का समर्थन करने और पूरी तरह से समावेशी (इन्क्लूसिव) काम का माहौल बनाए रखने व अपने कार्यबल (मैन पावर) को विविधतापूर्ण बनाए रखने के लिए उठाया गया है. कंपनी का कहना है कि इसके जरिये वह अपने सभी कर्मचारियों को करियर में समान अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए प्रगति की बाधाओं को खत्म कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना चाहती है.

समान पेरेंटल लीव का यह ऑफर पूरे यूके में कार्यरत डियाजियो के सभी 4,500 कर्मचारियों के लिए है, इनमें स्कॉटलैंड में लगभग 3,100 कर्मचारी भी शामिल हैं, जो मुख्य रूप से मैन्‍युफैक्‍चरिंग के काम से जुड़े हुए हैं. ब्रिटेन के महिला और समानता विभाग की मंत्री पेनी मोर्डंट ने कहा कि "मैं डियाजियो के इस कदम से बहुत खुश हूं. पेरेंटल लीव माता-पिता दोनों को अपने बच्चे के जीवन के शुरुआती महीनों में अपने उसके साथ बेहतर समय बिताने का मौका देती है, जिससे एक ऐसा बंधन बनता है जो जीवन भर के लिए होता है. कर्मचारियों की इस खुशहाली का नियोक्ताओं को भी कहीं न कहीं लाभ मिलता है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ