मेरठ में सोतीगंज के कबाड़ियों पर पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सदर बाजार पुलिस ने सोतीगंज के मन्नू उर्फ मुईनुद्दीन कबाड़ी की 1.10 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है।
पुलिस ने पहले मुनादी कराई और फिर प्रशासन का आदेश प्लाट की दीवार पर चस्पा करा दिया। कबाड़ी पर गैंगस्टर 14(ए) के तहत यह कार्रवाई की गई है। तीन दिन से पुलिस कबाड़ियों के यहां दबिश दे रही थी। वहीं सदर बाजार पुलिस ढोल बाजे लेकर मुंडाली के कुंढला गांव में पहुंची और यहां संपत्ति कुर्क की।
मन्नू के आलीशान मकान को देखकर पुलिस भी हैरान रह गई थी। सोतीगंज और पटेल नगर में मन्नू के दो मकान बताए गए हैं। मन्नू ने मुंडाली क्षेत्र के कुंढ़ला गांव में तीन हजार गज का प्लाट खरीदा था। बताया गया कि दूध की डेयरी की आड़ में प्लाट में चोरी के वाहन काटने का काम चलाता था।

मन्नू ने चोरी और लूट के वाहन सोतीगंज में काटकर अवैध तरीके से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। कुर्क संपत्ति में प्लाट (कीमत करीब 95 लाख), अनुबंधित बस (10 लाख), बाइक (75 हजार), स्कूटी (65 हजार) शामिल है। यह कार्रवाई करीब दो माह से चल रही थी।
एक साल पहले भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर सोतीगंज के कई कबाड़ियों के नाम लिखकर भेजे थे। इस पर मेरठ पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। सदर बाजार के तत्कालीन थानाध्यक्ष दिनेश चंद ने मन्नू कबाड़ी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तभी से मन्नू जेल में बंद है।
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.