बिहार सरकार के कृषि विभाग में बड़ी गड़बड़ी सामने आयी है। जहां एक ऐसे अधिकारी का ट्रांसफर कर दिया गया, जिनकी मौत कोरोना से हो चुकी है।
विभाग की इस बड़ी भूल ने नीतीश सरकार को एक बार फिर से कठघरे में खड़ा कर दिया है।
यहां बता दें कि कोरोना के कारण कृषि पदाधिकारी अरुण कुमार शर्मा की दो महीने पहले ही मौत हो गयी थी, लेकिन कृषि विभाग ने जो तबादले की सूची जारी की है, उसमें उनका नाम भी शामिल कर दिया गया है।
अरुण कुमार शर्मा का तबादला पटना जिले से भोजपुर जिले में कर दिया गया है।
बता दें कि पटना जिले के नौबतपुर में अरुण कुमार कृषि पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित थे। कोरोना के कारण 27 अप्रैल को उनका निधन हो गया था।
लेकिन कृषि विभाग के बाबुओं को इस बात का आभास तक नहीं था और उन्होंने तबादले की सूची में उनका नाम भी जोड़ दिया।
जैसे ही इस बात की जानकारी बाहर आयी, तभी किसी ने तबादले की सूची सोशल मीडिया पर वायरल कर दी, जिसके बाद आनन-फानन में विभाग ने अपने फैसले को वापस लिया।
हालांकि इस आदेश को कृषि विभाग ने विलोपित करते हुए उनके स्थानांतरण को रद्द कर दिया, लेकिन इन सबके बीच विभाग की जमकर किरकिरी हो गयी।
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.