अपनी नीतियों के साथ चलने की इजाजत नहीं मिली, तो भारत में बंद कर देंगे दुकान : वाट्सअप

प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर लगातार सवालों के बीच वॉट्सऐप ने कहा है कि जब तक डेटा संरक्षण विधेयक प्रभाव में नहीं आ जाता तब तक वह नई प्राइवेसी पॉलिसी अपनाने के लिए बाध्य नहीं करेगा. कंपनी की ओर से उसके वकील हरीश साल्वे ने दिल्ली हाईकोर्ट से कहा कि कंपनी ने नई निजता नीति पर फिलहाल रोक लगा दी है. संसद के अनुमति देने पर ही इसे लागू किया जाएगा. साल्वे ने कहा कि इसके बावजूद वॉट्सऐप अपने उपयोगकर्ताओं के लिए अपडेट का विकल्प दर्शाना जारी रखेगा. इस पर अदालत ने कहा कि भले ही इसके क्रियान्वयन को रोक दिया गया है लेकिन नीति तो फिर भी अस्तित्व में है. इस पर जवाब देते हुए वॉट्सऐप ने दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि जब तक डेटा संरक्षण विधेयक प्रभाव में नहीं आ जाता तब तक वह उपयोगकर्ताओं को नई निजता नीति अपनाने के लिए बाध्य नहीं करेंगे. कंपनी के वकील ने कोर्ट से कहा कि जब अभी तक संसद ने इसके लिए कानून नहीं बनाया, तो हमपर इसके लिए दबाव क्यों डाला जा रहा है. साल्वे ने कहा कि पहले संसद को पर्सनल प्रोटेक्शन बिल जारी करने दिया जाए. अगर वह मुझे मेरी नीति के साथ इजाजत देगा तो हम भारत में काम करेंगे, वर्ना अपनी दुकान बंद कर लेंगे. इसपर अदालत ने कहा, ‘‘आप इसे लागू भले नहीं कर रहे हों लेकिन नीति तो अभी अस्तित्व में है और किसी भी दिन यह वापस आ सकती है.’’ इस पर साल्वे ने कहा कि जब तक डेटा संरक्षण विधेयक कानून का रूप नहीं ले लेता है तब तक कंपनी इस रुख पर कायम रहेगी.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ