प्रॉपर्टी के बाजार से छंटने लगे हैं मंदी के बादल, इन सात शहरों में बढ़ा कारोबार

देश की अर्थव्‍यवस्‍था को बुरी तरह प्रभावित करने वाली कोरोना महामारी ने रीयल एस्‍टेट यानी प्रॉपर्टी के कारोबार को भी तगड़ा झटका दिया है. अच्‍छी बात यह है कि अब इस कारोबारी मंदी के बादल छंटते नजर आ रहे हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले पांच महीनों को दौरान देश के सात बड़े शहरों में प्रॉपर्टी की बिक्री में 23 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. रीयल एस्‍टेट सेक्‍टर पर नजर रखने वाली कंपनी प्रॉप इक्विटी की रिपोर्ट के मुताबिक 2021 के पहले पांच महीनों में 1,32,818 मकानों की बिक्री हुई. यह 2020 के पहले पांच महीनों में 1,08,199 के आंकड़े से काफी बेहतर है. रिपोर्ट के मुताबिक बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, एनसीआर और पुणे में मकानों की बिक्री बढ़ी और इनमें ज्यादातर मकानों की बिक्री 15 अप्रैल 2021 तक हुई. बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, एनसीआर और पुणे में इस दौरान प्रॉपर्टी के सौदों में क्रमश: 16, 40,39,29 और 34 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसके विपरीत कोलकाता और दिल्‍ली-एनसीआर में रीयल एस्‍टेट की बिक्री में क्रमश: 11 और 20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. दिल्‍ली-एनसीआर में मकानों की बिक्री में सबसे ज्यादा गिरावट की वजह कोरोना की दूसरी लहर की वजह से लॉकडाउन और पाबंदियों का लगाया जाना रहा. हालांकि इसके बावजूद 2021 के पहले पांच महीनों में नए रीयल एस्‍टेट प्रोजेक्‍ट की लॉन्चिंग में दिल्‍ली-एनसीआर 50 फीसदी की ग्रोथ के साथ सबसे आगे रहा. दूसरी ओर बंगलूरु, हैदराबाद, कोलकाता, एमएमआर और पुणे में नए प्रोतेक्‍ट की लॉन्चिंग में क्रमश: 35,28,26,31 और 23 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ