- एचडीएफसी पर आरबीआई की रोक के बाद तेजी से बदली बाजार की तस्वीर
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा देश में सबसे ज्यादा क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले एचडीएफसी बैंक को पिछले साल दिसंबर में नए क्रेडिट कार्ड जारी करने से रोके जाने के बाद घरेलू क्रेडिट कार्ड बाजार में अब पासा पलट गया है. खुद आरबीआई के ताजा आंकड़ों ने बाजार की एक नई तस्वीर पेश की है. इन आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर 2020 से लेकर मई 2021 के बीच एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्डों की संख्या 5,28,447 घट गई है. दूसरी ओर आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्डों की संख्या 11.6 लाख, एसबीआई की 6,61,950 कार्ड वऐक्सिस बैंक के कार्डों की संख्या में 2,43,527 की बढ़ोतरी हुई है.
एचडीएफसी बैंक पर लगे प्रतिबंध के बाद बाजार हिस्सेदारी के मामले में आईसीआईसीआी बैंक को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है. उसने ऑनलाइन स्टोर एमेजॉन के साथ साझेदारी कर बड़ी संख्या में नए क्रेडिट कार्ड जारी किए हैं. उस करार के जरिए आईसीआईसीआी बैंक ने पिछले 9 माह में 10 लाख क्रेडिट कार्ड जारी किए. दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक आरबीआई की अस्थायी यह रोक हटने के बाद बाजार में फिर से अपनी बादशाहत कायम करने के लिए कार्य योजना पर काम कर रहा है।
आंकड़ों से पता चलता है कि नए क्रेडिट कार्ड ग्राहक जोडने में आरबीएल बैंक, इंडसइंड बैंक, बैंक आफ बड़ौदा और येस बैंक ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है. दूसरी ओर सिटी बैंक, अमेरिकन एक्सप्रेस और कोटक महिंद्रा बैंक के कार्ड धारकों की संख्या में कमी दर्ज की गई है.
रिजर्व बैंक ने 1 मई से अमेरिकन एक्सप्रेस को भी नए कार्ड जारी करने से रोक रखा है. ऐसा इसलिए किया गया, क्योंकि वह पेमेंट डेटा को देश में ही सेव करने के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रहा है, जो अब जरूरी हो चुका है.
दिसंबर से मई की अवधि में देश में क्रेडिट कार्ड धारकों की संख्या में 22 लाख की बढ़ोतरी हुई है. इस अवधि में इसका बाजार 3.79 प्रतिशत बढ़ा है. देश में जारी कुल क्रेडिट कार्डों की संख्या 6.01 करोड़ से बढ़कर 6.23 करोड़ पर पहुंच गई है.
Keywords - HDFC Bank, ICICI Bank, credit card, Reserve Bank of India, RBI, payment system
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.