जून में बेरोजगारी का आंकड़ा 9.17% पर आया, नौकरी के मोर्चे पर मामूली राहत

कोरोना की दूसरी लहर के कारण लोगों की नौकरियां जाने की खबरों के बीच थोड़ी राहत की खबर है. बीते माह जून 2021 में देश में बेरोजगारी में कमी आई है. सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन के अनुसार अर्थव्यवस्था (सीएमआईई ) के आंकड़ों के मुताबिक बेरोजगारी की दर जून में घटकर 9.17% पर आ गई, जो मई में 11.9% पर थी. अप्रैल में दूसरी कोविड लहर शुरू होने पर यह 7.97% पर थी. सीएमआईई के मुताबिक शहरी बेरोजगारी की दर मई के 14.73% से घटकर जून में 10.07% पर आ गई. हालांकि यह आंकड़ा दहाई अंकों में ही बना रहा. जून में ग्रामीण बेरोजगारी दर मई के 10.63 फीसदी से घट कर इकाई अंकों में 8.75% पर आ गई. सीएमआईई के अनुसार अप्रैल और मई में 2.27 करोड़ लोगों की नौकरियां गईं. मई 2021 कम से कम जनवरी 2016 के बाद से ऐसा चौथा महीना था जब समग्र बेरोजगारी दर दोहरे अंकों में पहुंच गई थी. कोरोना के कारण देशव्यापी लॉकडाउन के कारण पिछले साल अप्रैल, मई और जून के दौरान बेरोजगारी दर काफी बढ़ गई थी. कुल बेरोजगारी दर पिछले साल अप्रैल में 23.52% के अपने चरम पर पहुंच गई, लेकिन अगले महीने से इसमें कमी आनी शुरू हो गई थी. देश की बेरोजगारी दर मई 2020 में 21.73% थी. पिछले साल जून में यह आंकड़ा 10.18% था।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ