तेल के कारोबार से है नए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का नाता, 6 बार चुने गए सांसद

मोदी सरकार में वित्त राज्य मंत्री रहे अनुराग ठाकुर की जगह लेने वाले पंकज चौधरी 6 बार लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश की महराजगंज सीट से 1991 में पहली बार लोकसभा का चुनाव जीतने वाले 56 वर्षीय चौधरी 10वीं, 11वीं, 12वीं, 14वीं, 16वीं और 17वीं लोकसभा के लिए भाजपा के सांसद चुने जा चुके हैं. हालांकि 1999 के लोकसभा चुनाव में उन्हें समाजवादी पार्टी के अखिलेश सिंह के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा, पर 2004 के लोकसभा चुनाव में वह फिर विजेता रहे. इसके बाद 2009 में फिर एक बार हारने के बाद भाजपा ने साल 2014 में उन्हें महाराजगंज सीट से ही पुन: टिकट दिया और वह फिर से जीत गए. इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में वह छठी बार सांसद चुने गए. पंकज ने 1989 में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में की थी और जल्द ही वह उप-महापौर बन गए. उन्‍हें 1990 में भाजपा राष्‍ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य बनाया गया. पंकज का जन्‍म गोरखपुर में ही 20 नवंबर 1964 को हुआ था. उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया है. कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखने वाले पंकज खुद भी एक बड़े कारोबारी हैं. ठंडे आयुर्वेदिक तेल 'राहत रूह' का कारोबार उन्हें विरासत में मिला, जिसे उन्होंने काफी आगे बढ़ाया. पूर्वी उत्तर प्रदेश में उनका ब्रांड काफी लोकप्रिय है. दिलचस्‍प बात यह है कि केंद्र में मंत्री पद की सौगात उन्‍हें बेटी की शादी के ठीक एक दिन पहले मिली है. दिल्‍ली में बेटी श्रुति चौधरी की हल्‍दी की रस्‍म चल रही थी. इसी बीच चौधरी को फोन से मंत्री बनाए जाने की सूचना मिली और हल्‍दी की रस्‍म के बीच ही वह पीएम आवास की ओर निकल पड़े.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ