
● वेंचर इंटेलिजेंस के ताजा आंकड़ों ने पेश की बेहतरीन प्रदर्शन की तस्वीर
भारतीय स्टॉर्टअप कंपनियों के दमदार प्रदर्शन की धमक अब दुनिया भर में गूंजती दिख रही है. वेंचर इंटेलिजेंस के ताजा आंकड़े कुछ ऐसी ही तस्वीर पेश करते हैं. इकनॉमिक टाइम्स में इस रिपोर्ट के हवाले से प्रकाशित खबर के मुताबिक इस साल के शुरुआती छह महीनों यानी जनवरी से जून 2021 के बीच भारतीय स्टार्टअप्स ने कुल 12.1 अरब डॉलर का निवेश जुटाया है. उन्हें यह पूंजी वेंचर कैपिटलिस्ट्स और प्राइवेट इक्विटी फर्मों से प्राप्त हुई है.
बीते 6 माह में मिली इस दमदार फंडिंग के चलते कई भारतीय स्टार्टअप्स का वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर या उसके भी पार चला गया है. ऐसे में भारतीय यूनिकॉर्न स्टार्टअप की संख्या में भी इज़ाफ़ा देखने को मिला है. मौजूदा महामारी के हालात और ग्लोबल स्तर पर कारोबार में चलरही सुस्ती के बीच भारतीय स्टार्टअप्स के यह आंकड़े काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.
वेंचर इंटेलिजेंस के आंकड़ों से यह भी पता लगता है कि बीते छह महीनों में अधिकतर फंडिंग राउंड 10 करोड़ डॉलर के दायरे में रही . इस शानदार फंडिंग ने नए के साथ ही कई पुराने स्टार्टअप्स में भी नई ऊर्जा का संचार किया है.
इन्हें मिली सबसे ज्यादा फंडिंग
जनवरी से जून 2021 के बीच सबसे ज्यादा पूंजी हासिल करने वाली कंपनियों में एड-टेक स्टार्टअप बाइजूज़ सबसे आगे रही. इसने एक अरब डॉलर की फंडिंग जुटाई. फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्वीगी ने 80 करोड़ डॉलर, ज़ोमैटो ने 57.6 करोड़ डॉलर, सोशल मीडिया ऐप शेयर चैट ने 50.2 करोड़ डॉलर और ड्रीम 11 ने 40 करोड़ डॉलर का निवेश हासिल किया.
पिछले साल से काफी ज्यादा निवेश
तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो 2020 की दूसरी छमाही में भारतीय स्टार्टअप्स को फंडिंग के कुल 19 सौदे देखने को मिले थे. इससे पहले 2020 की पहली तिमाही में 10 करोड़ डॉलर से अधिक फंडिंग वाले सौदों की संख्या केवल 9 रही थी। इसके मुकाबले 2021 की पहली छमाही (जनवरी-जून) में ऐसे कुल 31 सौदे हुए.
30 जून को समाप्त हुई 2021 की पहली छमाही में कुल 382 वेंचर कैपिटल निवेश प्राप्त हुए. इनमें भारतीय स्टार्टअप्स ने कुल मिलाकर 12.1 अरब डॉलर का निवेश हासिल किया. पिछले पूरे साल (2020) में भारतीय स्टार्टअप्स ने कुल रूप से 11.1 अरब डॉलर का निवेश प्राप्त किया था. इससे पहले 2019 में स्टार्टअप्स ने कुल 13 अरब डॉलर हासिल किए थे. यह आंकड़ा 2018 में 10.8 अरब डॉलर का रहा था.
Keywords - Indian startups, startup, Venture Intelligence, Venture capital, BYJU’s, Swiggy, Zomato, ShareChat, Dream11
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.