दिल्ली-एनसीआर के 100 स्कूलों में बम का खौफ : बच्चों को घर भेजा गया, रुकी परीक्षाएं


दिल्ली- एनसीआर के 100 से ज्यादा स्कूलों में बम होने की सूचना वाले एक ईमेल से आज देश की राजधानी और उसके आसपास के शहरों में हड़कंप मच गया। एक ही ईमेल के जरिए इन सभी स्कूलों में बम की धमकी भेजी गई है, जिसके बाद करीब सौ से ज्‍यादा स्‍कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। 


इन स्कूलों के छात्र-छात्राओं को वापस घर भेज दिया गया है। परीक्षाओं पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने बच्‍चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। पुलिस की स्पेशल सेल जांच में जुट गई है।


जानकारी के मुताबिक दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल और फादर एग्नेल स्कूल के बच्चों को वापस घर भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, दिल्ली पुलिस और दमकल की गाड़ियां सभी स्कूलों में पहुंची। 


100 से ज्यादा स्कूलों में धमकी भरे ईमेल भेजे गए। मदर मेरी स्कूल में एग्जाम चल रहा था, बीच में ही परीक्षा को रोक दिया गया। स्कूल ने इमरजेंसी घोषित करते हुए सभी को बाहर निकलने के लिए कहा। इससे अफरा तफरी का माहौल बन गया। बच्‍चों के अभिभावक इस खबर से घबरा गए। 


पुलिस का कहना है कि लोगों को डराने के मकसद से यह धमकी दी गई है। इसमें सिर्फ शरारती तत्व ही शामिल नहीं हैं, बल्कि किसी संदिग्ध संगठन का हाथ भी हो सकता है। इस बात के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की एंटी टेरर यूनिट स्पेशल सेल पूरी गहनता से ईमेल के सर्वर की लोकेशन की जांच करने में जुट गई है। 


सूत्रों के मुताबिक स्‍कूलों को भेजे गए कई मेल के सर्वर की लोकेशन देश के बाहर की आ रही है। इसे देखते हुए यह सुनियोजित साजिश के तहत दी गई धमकी लगती है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से इस मामले की जांच जा रही है। 


दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि स्कूलों में बम की धमकी के संबंध में 60 से अधिक कॉल आए हैं। दिल्ली पुलिस ने इसे एक हॉक्स कॉल करार दिया है। डीसीपी नई दिल्ली देवेश कुमार महला ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस ने सभी स्कूलों की जांच की है और कुछ नहीं मिला है।


दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने कहा कि उन्‍होंने पुलिस कमिश्नर से बात करके दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों में बम की धमकी पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। पुलिस को स्कूल परिसर में गहन तलाशी लेने, दोषियों की पहचान करने और कोई चूक न हो, यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ