उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक निर्माणाधीन मकान में आग और विस्फोट के बाद आग लगने से पति पत्नी की मौत हो गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग से घर में रखे कुछ पटाखों में विस्फोट होने से यह भयंकर हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के फर्रुखनगर इलाके के यादव मोहल्ला में सोमवार को एक मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस दौरान घर में शादी समारोह में आतिशबाज के लिए खरीद कर रखे पटाखों में धमाका होने से लगी आग में दंपति बुरी तरह झुलस गए।
पड़ोसियों ने पति-पत्नी को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक 57 वर्षीय इरफान 55 वर्षीय पत्नी समरजहां के साथ रहते थे। इरफान शादी-समारोह में आतिशबाजी करते थे।
सोमवार दोपहर के समय अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। दंपति ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन घर के अंदर रखे पटाखों ने आग पकड़ ली। पटाखों में विस्फोट हुआ और पूरे मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर का सारा सामान जल गया और इरफान और समरजहां भी गंभीर रूप से झुलस गए।
विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पुलिस और दमकल को हादसे की सूचना करीब साढ़े 12 बजे मिली। दोनों विभाग के कर्मचारी पहुंचे तो आग बुझ चुकी थी। इतना ही नहीं फ्लोर की सफाई भी की गई थी। मौके से पटाखे भी हटा दिए गए थे। अंदेशा है कि पटाखों के साक्ष्य मिटाने के लिए ऐसा किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इरफान को सोमवार को एक शादी में आतिशबाजी का ठेका मिला था, जिसके लिए उन्होंने साढ़े 12 हजार रुपये के पटाखे खरीदे थे। इसकी रसीद दिखाते हुए बेटे ने मकान में पटाखों के निर्माण की बात से इनकार किया है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.