अमेठी में स्‍मृति के खिलाफ फिर ताल ठोकेंगे राहुल, कांग्रेस ने दिया तगड़ा संकेत


कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी अपनी मौजूदा लोकसभा सीट वायनाड से चुनाव लड़ने के साथ ही एक बार फिर से अपनी परंपरागत सीट अमेठी से भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। 


इस बात के मजबूत संकेत कांग्रेस पार्टी के चैनल आईएनसी न्‍यूज ने दिए हैं। चैनल ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म X एक पोल यानी जनमत सर्वेक्षण कर लोगों से पूछा है कि अमेठी से इस बार चुनाव कौन जीतेगा ? सवाल के जवाब में दो विकल्‍प दिए गए हैं, स्‍मृति ईरानी और राहुल गांधी। 


आईएनसी न्‍यूज के इस पोल से स्‍पष्‍ट संकेत मिल रहा है कि कांग्रेस पार्टी अमेठी से राहुल गांधी को इस बार फिर से चुनाव लड़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इससे पहले काग्रेस के यूपी के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय भी अमेठी से राहुल गांधी और वाराणसी से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं। हालांकि बाद में इसे उनकी निजी राय बताया गया था। 


बता दें कि बीजेपी में अपनी पहली ही सूची में अमेठी से मौजूदा सांसद स्‍मृति ईरानी को दोबारा मैदान में उतारने की घोषणा कर दी थी। दूसरी ओर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने अमेठी और रायबरेली में अबतक अपने प्रत्‍याशी की घोषणा न कर सस्‍पेंस बनाए रखा है। 


माना जा रहा है कि कांग्रेस ने जानबूझ कर एक रणनीति के तहत अबतक अमेठी से अपने उम्‍मीदवार की घोषणा नहीं की है, क्‍योंकि वह बीजेपी को इस सीट पर गफलत में रखना चाहती है। 


अमेठी सीट पर पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है। इसे देखते हुए इंडिया गठबंधन अंतिम समय तक बीजेपी को उलझाए रखते हुए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले प्रत्‍याशी उतारने की रणनीति अपना रहा है। 


माना जा रहा था कि कांग्रेस इस सीट को लेकर कोई चौंकाने वाला कदम उठा सकती है। भाजपा से टिकट कटने के बाद वरुण गांधी को भी यहां से मैदान में उतारे जाने के भी कयास लगाए जा रहे थे। इसके अलावा अमेठी से इस बार स्‍मृति को प्रियंका गांधी से टक्‍कर मिलने की भी चर्चाएं उठ रही थीं, पर अब राहुल गांधी के फिर से यहां चुनाव लड़ने के संकेत मिल रहे हैं।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ