उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां रोडवेज की एक बस तीन साइकिल सवार छात्रों को रौंदने के बाद खाई में जा गिरी। हादसे में तीनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कानपुर जिले के घाटमपुर के पतारा क्षेत्र में यात्रियों से भरी रोडवेज बस सड़क किनारे खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई है। हादसे का शिकार तीनों लोग छात्र थे। इसके साथ ही कई यात्री घायल भी हो गए हैं।
बस की चपेट में आए तीनों छात्र सुबह साइकिल से कोचिंग जा रहे थे। छात्रों की पहचान अंकुश प्रजापति, दीपक तिवारी और मनीष कुमार के रूप में हुई है। इसी दौरान अनियंत्रित रोडवेज बस ने साइकिल सवार छात्रों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों छात्रों की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर खाईं में पलट गई।
इस घटना की सूचना जब साइकिल सवार छात्रों के परिजनों को मिली, तो परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर पहुची पुलिस छात्रों को सीएचसी ले गई। जहां डॉक्टरों ने तीनों छात्रों को मृत घोषित कर दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को खाईं से निकलवा लिया है। पुलिस ने घटना की सूचना बच्चों के परिजनों को दे दी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.