राजस्थान के सिरोही जिले से एक खौफनाक खबर सामने आई है। यहां खेत में काम कर रही महिला पर एक भालू ने हमला कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और महिला के सिर को लेकर जंगल में भाग गया।
सिरोही में रेवदर कस्बे में यह हैरतअंगेज घटना हुई है। इससे पूरे इलाके में दहशत है। पुलिस और वन विभाग की टीम हालात पर नजर रखे हुए है। घटना आज सवेरे उसे समय की है, जब पादरी गांव में रहने वाली 50 साल की जतना देवी अपने खेत में काम कर रही थी। उसका पति जीवाराम भी साथ ही था।
जतना देवी खेत पर पहुंची ही थी। इसी दौरान वहां एक भालू घात लगाए बैठा था। जतना देवी के जाने के बाद पति जीवाराम भी खेत पहुंचा। इस दौरान उसने देखा भालू ने जतना देवी पर हमला कर दिया।
जैसे ही जतना देवी खेत की तरफ गई इसी दौरान भालू ने उसकी गर्दन पर जोरदार वार किया और एक ही बार में सिर को धड़ से अलग कर दिया । उसके बाद धड़ को उठाकर भालू जंगल में भागने लगा।
पति जीवाराम ने शोर मचाने की कोशिश की तो जंगल की तरफ भागते हुए भालू ने जीवाराम पर भी पंजे से वार किया और घायल कर दिया और धड़ छोड़कर सर के हिस्से को उठाकर जंगल में भाग गया।
भालू के हमले में बुरी तरह घायल हुए जीवाराम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जतना देवी के धड़ को मुर्दाघर में रखवाया गया है और सिर की तलाश जंगल में की जा रही है ।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह से अक्सर भालू और पैंथर जंगल से खेत की तरफ आ जाते हैं । कई बार गांव का भी रुख कर लेते हैं। वन विभाग अकसर कार्रवाई करता है, लेकिन यह कार्रवाई नाकाफी है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.