झारखंड के दुमका में शुक्रवार की रात एक स्पेनिश महिला के साथ सामूहिक बलात्कार की एक शर्मनाक घटना ने ऐसे घिनौने अपराधों पर काबू पाने के लिए कानून को और सख्त बनाने की बहस को एक बार फिर हवा दे दी है। सोशल मीडिया पर लोग भारत में रेप से जुड़े कानूनों को और सख्त बनाने की वकालत कर रहे हैं।
इसबीच कांग्रेस की मुखर महिला नेता व दिल्ली की पूर्व विधायक अलका लांबा ने रेपिस्टों को एक कानून लाकर नपुंसक बनाने की मांग उठाई है। उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा है कि ‘‘दोषियों को फांसी दी जानी चाहिए। उन्हें नपुंसक बनाने के लिए एक कानून बनाया जाना चाहिए। जब तक अपराधियों में भय पैदा नहीं होगा, अपराध होते रहेंगे।
मीडिया से बातचीत करते हुए अलका ने कहा, महिलाओं, विशेषकर लड़कियों के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं और ये अनियंत्रित हो रहे हैं क्योंकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े ‘‘नेता, मंत्री और सांसद तक इनमें शामिल हैं।
अलका लांबा ने मीडिया से कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकारें केंद्र और राज्य में उन्हें बचा रही हैं। इन सरकारों को दो से तीन महीने में नाबालिग पीड़ितों से जुड़े बलात्कार के मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक और विशेष अदालतें स्थापित करनी चाहिए।
लांबा ने दावा किया कि भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण सिंह पर कई महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है, लेकिन वह खुलेआम घूम रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि संदेशखाली को लेकर भाजपा देश भर में हल्ला मचा रही है, वहां की सरकार ने तो आरोपी को तो गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन बृजभूषण के साथ वीवीआईपी जैसा व्यवहार किया जा रहा है। यूपी में तो बीजेपी की सरकार है।
लांबा ने यह भी कहा कि जूनियर एथलेटिक्स कोच से मारपीट के आरोपी पूर्व हॉकी स्टार संदीप सिंह हरियाणा के मंत्री पद पर बने हुए हैं क्योंकि वह भाजपा से जुड़े हुए हैं।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.