यूपी के हमीरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। घरेलू झगड़े की वजह से 35 फीट गहरे कुएं में छलांग लगाने वाले पति को उसकी पत्नी कुएं में उतर कर मौत के मुंह से बाहर निकाल लाई।
महिला ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में कूद कर अपने पति को साड़ी से बांधा, जिसे ग्रामीणों ने खींचकर बाहर निकाल लिया। इसके बाद इलाज के लिए उसके पति को सीएचसी भेजा गया है। ऊंचाई से कूदने की वजह से उसकी कमर में चोट आई है। फिलहाल में अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
घटना हमीरपुर के कुरार ब्लाक की पंचायत शंकरपुर के मजरा परसी का डेरा की है। जहां हंस कुमार का बुधवार सुबह पत्नी गुड्डो से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि हंस गुस्से में घर से निकला और गांव बाहर कुएं में छलांग लगा दी।
कुएं में पानी बहुत ही कम होने के कारण वह डूबा नहीं। इतने में ग्रामीणों ने उसे कूदते हुए देखा तो शोर मच गया। देखते ही देखते घटना स्थल पर भीड़ लग गई। 35 फीट नीचे गिर हंस को बचाने के लिए कोई नीचे उतरने को तैयार नहीं था।
ग्रामीणों को डर था कि कुएं में पानी तो नहीं है, पर कहीं जहरीली गैस का रिसाव न हो रहा हो। इस बीच हंस की पत्नी वहां पहुंची और पति की जान बचाने को पत्नी गुड्डो कमर में रस्सी बांधकर कुएं में उतर गई।
गुड्डो ने घायल पति की कमर में साड़ी बांधी जिसके बाद ऊपर खड़े ग्रामीणों ने धीरे-धीरे खींच लिया। तब तक कुरारा पुलिस मौके पर पहुंच गई और कुएं से निकाल गए हंस कुमार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.