BJP की दूसरी चुनावी लिस्‍ट में पहले से दुगने सांसदों, मंत्रियों का पत्‍ता साफ !


आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी 195  उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 35 मौजूदा सांसदों का टिकट कटने के बाद अब दूसरी लिस्ट में इससे दुगने सांसदों का पत्‍ता साफ होने की खबर है।


सूत्रों ने बताया है कि 6 मार्च को केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की दूसरी बैठक के बाद उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी हो सकती है। माना जा रहा है कि इस सूची में पार्टी विवादित और निष्क्रिय सांसदों को बाहर का रास्‍ता दिखा सकती है। 


बताया जा रहा है कि दूसरी और तीसरी सूची में मौजूदा मंत्रियों और सांसदों के टिकट काटने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्‍व ने अपनी कैंची की धार को और भी तेज कर लिया है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने संकेत दिया है कि भाजपा की दूसरी लिस्ट पहली सूची से भी कहीं ज्‍यादा चौंकाने वाली हो सकती है। इसमें कई सांसदों के टिकट कट सकते हैं। 


दूसरी और तीसरी सूची में तुलनात्मक रूप से कहीं ज्‍यादा बदले हुए चेहरे दिखाई दे सकते हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि जिन सीटों को अभी प्रतीक्षा में रखा गया है, उनमें उन सांसदों के नाम भी हैं, जिन पर तलवार लटके होने की चर्चा थी।


195 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट आने के बाद अब 349 सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाने बाकी हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक आदि में सहयोगी दलों के लिए सीटें छोड़े जाने के बाद बाकी सीटों के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया चल रही है।


रायबरेली और मैनपुरी जैसी कुछ हाई प्रोफाइल सीटें उलझे हुए सियासी समीकरणों में फंसी हैं, जहां भाजपा विपक्षी किले को ध्वस्त करने के लिए जातीय-क्षेत्रीय समीकरणों को उम्मीदवारों के सहारे दुरुस्त करना चाहती है। इसके साथ ही कुछ सीटों पर भाजपा विपक्षी दलों द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने का इंतजार कर रही है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ