बिहार के सीएम नीतीश कुमार के पाला बदल कर एनडीएम में जाने पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा था कि खेल अभी शुरू हुआ है, अभी 'खेला' होना बाकी है। इस बयान के जरिये उन्होंने संकेत दिया था कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीतीश कुमार के दांव से चित नहीं हुआ है, बल्कि समय आने पर उन्हें पटखनी दे सकता है। इस बीच आज राजधानी पटना में हुए राजनीतिक दांव-पेच से लग रहा है कि तेजस्वी ने वाकई नीतीश के साथ बड़ा खेला कर दिया है जदयू में सेंध लगाकर।
बिहार की राजनीति में 12 फरवरी को होने वाली फ्लोर टेस्ट चर्चा में है। इसे लेकर पक्ष-प्रतिपक्ष दोनों ही ओर से राजनीतिक बिसात बिछाई जा रही है और अपने-अपने विधायकों की घेरेबंदी और किलेबंदी की जा रही है। आरजेडी की कोशिश है कि नीतीश कुमार विधानसभा में बहुमत साबित न कर पाएं। लगता है वह इसमें कामयाब भी हो सकता है, क्योंकि जदयू के कई विधायकों ने तेजस्वी के साथ होने के संकेत दे दिए हैं।
आज जेडीयू की तरफ से श्रवण कुमार के घर पर भोज का आयोजन हुआ। दूसरी ओर तेजस्वी यादव की ओर से भी पांच देश रत्न मार्ग स्थित आवास पर बैठक व भोज की व्यवस्था की गई थी।
राजद की बैठक के दौरान आरजेडी विधायक उत्साहित नजर आए। उनका जोश देखने लायक था। दूसरी ओर जेडीयू विधायकों और नेताओं ने भी नीतीश कुमार के प्रति निष्ठा तो दिखाई, पर जेडीयू के कई विधायक भोज में नहीं पहुंचे। जिस कारण अटकलों का बाजार गरम है। चर्चा तो ये भी है कि तेजस्वी यादव ने खेला कर दिया है।
जेडीयू की ओर से भोज को लेकर सभी विधायकों को पहले ही खबर दे दी गई थी। पार्टी की कोशिश थी कि भोज के जरिए ही 12 फरवरी को होने वाले फ्लोर टेस्ट में अपनी ताकत टटोला जा सके। जानकारी के अनुसार इस भोज में जेडीयू के कई विधायक नहीं पहुंचे। बाद में विधायकों ने भोज में नहीं आने की वजह भी बताई। नहीं पहुंचने वालों में विधायक शालिनी मिश्रा, सुदर्शन सिंह, दिलीप राय, डॉक्टर संजीव, बीमा भारती और गुंजेश्वर शाह हैं।
जदयू की केसरिया (पश्चिमी चंपारण ) से विधायक शालिनी मिश्रा ने कहा कि वह पटना कल आएंगी। किसी काम में व्यस्त हैं। बरबीघा से जदयू विधायक सुदर्शन सिंह ने कहा कि किसी काम की वजह से वह आने में लेट हो गए।
इसी तरह सुरसंड से विधायक दिलीप राय ने कहा कि निजी कार्य की वजह से पटना से बाहर थे। परबत्ता विधायक संजीव कुमार ने भी कहा कि वह निजी के काम से बिहार से बाहर हैं। पूर्णिया के रुपौली से विधायक बीमा भारती ने कहा वह अपने विधानसभा क्षेत्र में थीं। इस वजह से नहीं पहुंच सकीं। वहीं, गुंजेश्वर शाह के बीमार की वजह से वह भोज में नहीं आने की बात कही जा रही है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.