टीवी सीरियल अनुपमा में अपने शानदार अभिनय से लोगों के दिल पर छाप छोड़ने वाले अभिनेता ऋतुराज सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने 59 साल की उम्र की आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से ऋतुराज सिंह का निधन हुआ है। एक्टर के दोस्त अमित बहल ने उनकी मौत होने की पुष्टि की।
ऋतुराज के करीबी दोस्त एक्टर अमित बहल ने उनके निधन की खबर कन्फर्म की है। अमित ने कहा, ‘हां, दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनका निधन हो गया है। वो कुछ दिनों पहले ही पैनक्रियाज ट्रीटमेंट के लिए हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे। इसके बाद वो जब घर लौटे तब उन्हें कुछ कार्डियक इश्यूज हुए, जिसके बाद उनका निधन हो गया।’
ऋतुराज के एक्टिंग करियर की बात करें, तो उन्होंने 1993 में टीवी पर प्रसारित होगी अपनी बात, ज्योति, हिटलर दीदी, शपथ, वॉरियर हाई, आहट और अदालत, दीया और बाती हम जैसे कई भारतीय टीवी शो में अपनी अलग-अलग भूमिकाएं निभाई थी। अभिनेता के अचानक निधन की खबर सुनकर फैंस काफी शॉक हो गए हैं। वह शाहरुख खान के साथ डर और बाजीगर में भी काम कर चुके हैं।
ऋतुराज के असामयिक निधन पर फिल्मी सितारों के साथ उनके फैन्स भी दुखी हैं। बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी ने ट्वीट कर दुख जताया है। अरशद ने लिखा, ‘ऋतुराज के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। हम एक ही बिल्डिंग में रहते थे। वो बतौर प्रोड्यूसर मेरी पहली फिल्म का हिस्सा थे। एक अच्छे दोस्त और कमाल के एक्टर काे खो दिया… आपको याद करूंगा भाई…।’ अरशद के अलावा डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने भी ट्वीट करते हुए ऋतुराज के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, 'ऋतुराज, मेरा दोस्त.. तुमने यह कैसे होने दिया? कितना बाकी था.. आर्टिस्ट कभी नहीं मरते.. ऊं शान्ति।'
सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर टीवी की दिग्गज हस्तियां एक्टर को श्रद्धांजलि दे रही हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘सुलझे हुए अभिनेता को ऊपर वाले ने जल्दी बुला लिया।’ दूसरे ने लिखा, ‘भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘अनुपमा में उनका अभिनय सराहनीय रहा है। मैं उनकी वजह से ही शो देखता था। यह कोई उम्र नहीं थी जाने की।’


0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.