राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में फिर से एक बार ब्रेक लग गया है। बहन प्रियंका की तबीयत खराब होने के कारण उनके यात्रा में न शामिल होने के बाद यह दूसरा झटका है।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा में बिहार से उत्तर प्रदेश पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चंदौली और वराणसी की यात्रा के बाद भदोही की यात्रा रद्द कर दी। यहां से वह अपने संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड रवाना हो गए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने शनिवार को रजपुरा चौराहे पर होने वाली जनसभा के मंच से यह जानकारी दी। मीडिया से बातचीत में तिवारी ने बताया की शाम करीब चार बजे उन्हें यात्रा रद्द होने की जानकारी मिली।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी को किसी आकस्मिक कारणों से यात्रा छोड़कर अपने लोकसभा क्षेत्र में जाना पड़ रहा है जिसकी वजह से गाँधी वाराणसी से हवाई अड्डा चले गए जहां से वह वायनाड जा रहे हैं।
तिवारी ने बताया कि राहुल गांधी को भदोही जिले में कंधिया रेलवे क्रसिंग से प्रवेश कर इंदिरा मिल पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर एक जनसभा को संबोधित करना था। राहुल अब भदोही के बजाय सीधे प्रयागराज में यात्रा में दोबारा शामिल होंगे।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "वायनाड में राहुल गांधी की उपस्थिति की तत्काल आवश्यकता है। इसे देखते हुए वह आज शाम 5 बजे वाराणसी से प्रस्थान कर रहे हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा कल 18 फरवरी को दोपहर 3 बजे प्रयागराज में फिर से शुरू होगी।"

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.