मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद अब कांग्रेस के दिग्गज नेता और पार्टी के सीएम पद के उम्मीदवार रहे कमलनाथ के बीजेपी में जाने की चर्चाएं एमपी के सियासी गलियारों का राजनीतिक तापमान बढ़ा रही हैं।
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव फतह करने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा में भी राज्य की ज्यादा से ज्यादा सीटें समेटने की कवायद में कमलनाथ को अपनी पार्टी में लाने की कवायद में जुटी है, ताकि संसदीय चुनाव में उसे पूरा का पूरा क्लीन स्वीप मिल सके।
बताया जा रहा है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ ही राज्य स्तर पर कमलनाथ को अपने पाले में खींचने की रणनीति पर दोहरे स्तर पर से काम किया जा रहा है। अगर ऐसा होता है, तो माधवराव सिंधिया को गंवाने के बाद एमपी में कांग्रेस के लिए यह एक और तगड़ा झटका होगा।
लोकसभा चुनाव की एक तैयारी बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा कार्यालय नर्मदापुरम पहुंचे मध्य प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने बैठक के बाद ऐसा राजनीतिक बयान दे दिया जिससे कमलनाथ के भाजपा में आने की चर्चाओं को और बल मिल रहा है।
बैठक में शामिल होने के डिप्टी सीएम ने पत्रकारों के कमलनाथ के बीजेपी में आने के सवाल पर कहा कि भाजपा के दरवाजे खुले हुए हैं,जो देश की तरक्की चाहता है उनका स्वागत है। डिप्टी सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति जो भाजपा में आना चाहता है उसके लिए पार्टी का दरवाजा खुला है। वैसे उनके बारे में पत्रकारों को उन्हीं से बात करनी चाहिए।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.