शादी में देरी से भड़के सिपाही दूल्‍हे ने पंडित को पीट कर घायल किया, फेरे लिए बिना ही हुआ फरार


लखनऊ की एक शादी में अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जहां पंडित द्वारा शादी की रस्‍मों में देरी किए जाने से भड़के दूल्‍हे ने पंडित जी को पीट-पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। 


जानकारी के मुताबिक निगोहां थाने में तैनात एक सिपाही ने अपनी शादी में पुरोहित को पीटना शुरू कर दिया और जब उनका भाई बचाने आया तो उसे भी धुन दिया। उसके बाद फेरे पूरे किए बिना बारातियों को लेकर फुर्र हो गया। लड़की वालों ने सिपाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। 


मेरठ का रहने वाला सोनू जाटव लखनफ निगोहां थाने पर कॉन्स्टेबल है। नगराम के डिघारी गांव के ओमप्रकाश प्रजापति की बेटी के साथ मंगलवार की रात को उसकी शादी हो रही थी। शादी समारोह निगोहां थाने के पास स्थित एक रेस्तरां में संपन्न हो रहा था।


पुरोहित निगोहां निवासी विवेक शुक्ला शादी करवा रहे थे। मंगलवार रात करीब एक बजे के बाद शादी की रस्म शुरू हुई। पुरोहित मंत्र पढ़ रहे थे तो सिपाही ने जल्द फेरे पूरे करवाने का दबाव बनाया। पुरोहित ने विधि विधान से ही मंत्र पढ़ने की बात कही। इस पर आग बबूला होकर सोनू ने पुरोहित को पीट दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए।


उनके साथ मौजूद भाई सचिन शुक्ला ने बीच बचाव करने का प्रयास किया तो सिपाही ने उन्हें भी धुन दिया। पीटने के बाद आरोपित सिपाही ने पुरोहित को छेड़छाड़ के मामले में जेल भिजवाने की भी धमकी दी। उसके बाद फेरे पूरे किए बिना ही सिपाही दुल्हन और बारातियों के साथ समारोह से भाग निकला। 


पुरोहित और उनके भाई ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस पहुंची तो थाने जाने की सलाह दी। पुरोहित भाई के साथ निगोहां थाने पहुंचे तो पुलिस कर्मियों ने सुबह आकर शिकायत करने की बात कहकर लौटा दिया। 


इसके बाद सुबह पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी सिपाही के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। निगोहां थाने के एसओ अनुज तिवारी ने बताया कि आरोपी सिपाही के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे तलाशा जा रहा है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ