यूपी के बदायूं से अयोध्या के लिए रवाना हुई भाजपा कार्यकर्ताओं की बस शाहजहांपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के हुलास नगर क्रॉसिंग के पास खाई में पलट गई। हादसे में सात भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर बदायूं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता मौके पर पहुंचे और उन्होंने कार्यकर्ताओं का हाल जाना। जिनका मैगलगंज में डाक्टर को बुलाकर इलाज कराया फिर उन्हें दूसरी बस से अयोध्या के लिए रवाना कर दिया गया।
बदायूं जिले से कई बसों में भाजपा के 5100 पदाधिकारी व कार्यकर्ता अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के लिये शुक्रवार को सुबह सात बजे बसों से रवाना हुए थे। इनमें से एक बस में इन कार्यकर्ताओं में कुंवरगांव क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता सवार थे।
इस बस का ड्राइवर हाइवे पर दूसरी बस से आगे निकलने के चक्कर में बस पर काबू नहीं रख सका और अनियंत्रित होकर बस खंती में पलट गई। जहां बस पलटी वहां कुछ ही आगे 11 हजार वोल्ट की लाइन जा रही थी। पर गनीमत रही कि एक छोटे पेड़ से उसे रोक लिया, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था।
शाहजहांपुर जिले के थाना जैतीपुर के गांव मानपुर नगरीय-नवादा मोड़ के बीच चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई।जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुई बस में 40 से अधिक लोग सवार थे।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.