दिल्ली में सीएनजी और पाइप लाइन वाली घरेलू रसोई गैस यानी PNG की कीमतों में छह रुपये तक की बड़ी कटौती कर दी गई.
पिछले यह करीब दो साल में यह गैस कीमतों में हुई पहली कटौती एक दिन पहले ही सरकार द्वारा प्राकृतिक गैस की कीमत निर्धारण करने का नया फॉर्मूला लागू करने के चलते हुई है. इस फैसले के बाद राष्ट्रीय राजधानी में सीएनजी और पीएनजी की कीमतें कम हुई हैं.
दिल्ली में सीएनजी और पाइपलाइन गैस की खुदरा बिक्री करने वाली फर्म इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने एक ट्वीट में जानकारी दी है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) में सीएनजी की कीमत 79.56 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 73.59 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है.
आईजीएल के अनुसार दिल्ली में पाइपलाइन वाली घरेलू रसोई गैस यानी PNG की कीमत 53.59 प्रति मानक घन मीटर (एससीएम) से घटकर 48.59 रुपये प्रति एससीएम हो गई है. नई कीमतें नौ अप्रैल से लागू होंगी.
बता दें कि गैस कीमतों में दो साल में करीब 50 की बढ़ोतरी किए जाने के बाद यह पहली कटौती की गई है. सीएनजी कीमतें अप्रैल, 2021 से दिसंबर, 2022 के बीच 15 बार बढ़ाई गईं. अप्रैल, 2021 के बाद सीएनजी की कीमतों में प्रति किलोग्राम 36.16 रुपये (83 प्रतिशत) की वृद्धि हुई है. अंतिम बार सीएनजी की कीमत 17 दिसंबर, 2022 को बढ़ाई गई थी.
इसी तरह पीएनजी की कीमत 7 अगस्त,2021 से 8 अक्टूबर, 2022 के बीच दस बार बढ़ाई गई. इसकी कीमतों में 24.09 रुपये प्रति एससीएम यानी 81 फीसदी वृद्धि हुई. आईजीएल के मुताबिक दिल्ली में सीएनजी और पीएनजी की खुदरा कीमतें देश में सबसे कम स्तर पर हैं.


0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.