- नोएडा के अपार्टमेंट में हुई शर्मनाक घटना, पुलिस ने दर्ज की शिकायत, हो रही कार्यवाही
घरों में काम करके गुज़ारा करने वाली महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और अमानवीयता की खबरें अकसर सामने आती रहती हैं. ऐसी ही एक घटना देश की राजधानी दिल्ली से सटे महानगर नोएडा में सामने आई है.
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें काम करने वाली एक लड़की को उसकी मालकिन बिल्डिंग की लिफ्ट से जबरदस्ती घसीट कर ले जाती दिखाई दे रही है.
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दुबली-पतली कमजोर सी लड़की लिफ्ट से उतर कर घर जाना चाहती है, पर उसके तमाम विरोध के बावजूद हट्टी-कट्टी महिला से जबरन घसीट कर अपने साथ ले जाती है.
पॉश लोगों की इस रिहायशी बिल्डिंग में मालकिन का अत्याचार करने वाला वीडियो लोगों के सामने आने के बाद लोग सकते में हैं. यह घटना नोएडा सेक्टर नंबर 121 की है. यह मामला क्लेओ काउंटी हाई प्रोफाइल सोसाइटी का है.
वीडियो सोशल मीडिया में आने के बाज जब मामले ने तूल पकड़ा तो जांच-पड़ताल में पता लगा कि महिला लड़की से जबरन काम करवाती है. वीडियो में दिखाई दे रही लड़की ने आरोप लगाया है कि मालकिन ने उसे बंधक बनाकर पीटा.
मारपीट की घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. लड़की का कहना है कि मालकिन द्वारा पीट-पीट कर घर का काम कराया जाता है. उसने यह भी बताया कि इस घटना के दौरान उसके सिर पर चोटें भी आईं.
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और महिला द्वारा बंधक बनाई गई लड़की को मुक्त भी करा दिया गया है. सोशल मीडिया पर वीडियो काफी वायरल हो रहा है.

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.