एलपीजी कनेक्‍शन लेना हुआ महंगा, जानिए कैसे कंपनियों ने ग्राहकों को दिया जोर का झटका


एलपीजी गैस सिलेंडर में हाल के दिनों में हुई भारी बढ़ोतरी के बाद अब नए गैस कनेक्‍शन पर भी महंगाई की मार पड़ गई है.

एक रिपोर्ट के मुताबिक अब घरेलू रसोई गैस का नया कनेक्‍शन लेने के लिए उपभोक्‍ताओं को ज्‍यादा पैसे देने होंगे. सरकारी पेट्रोलियम कंपनियां कल यानी 16 जून से बढ़ी हुई दरें लागू करने जा रही हैं.

14.2 किलोग्राम के घरेलू उपयोग वाले एलपीजी सिलेंडर के सिक्‍योरिटी अमाउंट में कंपनियों ने 750 रुपये का इजाफा कर दिया है. साथ ही पांच किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर के लिए भी अब 350 रुपये ज्‍यादा देने होंगे. 

अब नया रसोई कनेक्‍शन लेने के लिए उपभोक्‍ता को 2,200 रुपये देने होंगे. अबतक यह राशि 1450 रुपये थी. बढ़ोतरी के बाद  अब 750 रुपये सिलेंडर की सिक्‍योरिटी के रूप में ज्‍यादा जमा कराने होंगे. 

इसके अलावा सिलेंडर के साथ दिए जाने वाले गैस रेग्‍युलेटर की कीमत भी 100 रुपये बढ़ा दी गई है.  रेग्युलेटर के लिए अब 250, पाइप के लिए 150 और पासबुक के लिए 25 रुपये अलग से देने होंगे. 

इस हिसाब से पहली बार गैस सिलेंडर कनेक्शन और पहले सिलेंडर के लिए उपभोक्‍ता को कुल 3,690 रुपये खर्चने होंगे. अगर कोई दो सिलेंडर लेता है तो उसे सिक्‍योरिटी के रूप में 4400 रुपये देने होंगे.

इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मुताबिक पांच किलोग्राम के सिलेंडर की सिक्योरिटी के रूप में अब 800 रुपये की जगह 1150 रुपये देने होंगे. 

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस सिलेंडर लेने वाले ग्राहकों को भी झटका लगने वाला है. उज्‍ज्‍वला योजना के लाभार्थी भी अगर दूसरा सिलेंडर लेंगे तो उन्‍हें बढ़ा हुआ पैसा देना होगा.

दूसरा सिलेंडर लेने वालों को बढ़ी हुई सिक्योरिटी राशि देनी होगी. साथ ही ग्राहकों को नए कनेक्शन में लगने वाले रेगुलेटर के लिए अब 150 रुपये की जगह 250 रुपये खर्च करने होंगे.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ