राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के अरथूना थाना क्षेत्र में शादी से एक दिन पहले मंगेतर के अफेयर का पता चलने पर युवक ने कुएं में कूद कर खुदकुशी कर ली। वह पहले घर से गायब हो गया था, बाद में कुएं में उसकी लाश मिली।
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला कि युवक की मंगेतर का किसी दूसरे व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग था, जब यह बात युवक को पता चली तो वह आहत हो गया। युवक के घरवालों ने मंगेतर सहित पांच लोगों के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि आंजना मोटी बस्सी रोड पर एक कुएं में युवक की लाश मिली थी। तफ्तीश के बाद शव की पहचान आंजना के रहने वाले 24 वर्षीय कांतिलाल डामोर के रूप में हुई।
घरवालों ने पुलिस को बताया कि 4 मई को कांतिलाल अचानक गायब हो गया, 5 मई को घरवालों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 5 मई को ही उसकी शादी होनी थी।
युवक की खुदकुशी के लिए घरवालों ने उसके होने वाले ससुराल के लोगों को जिम्मेदार बताया। उनका कहना है कि आरोपी की हत्या कर लाश कुएं में फेंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने समझाइश की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने कुएं के पास मिले सुसाइड नोट के आधार पर बताया कि यह मामला आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का लगता है।
सुसाइड नोट में युवक ने लिखा है कि उसके साथ धोखा हुआ है। शादी के एक दिन पहले ही उसे पता चला कि जिससे वह शादी करने जा रहा है, उसका जुड़ाव किसी और के साथ है।
इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता सुखलाल की रिपोर्ट पर मंगेतर मनीषा और उसके परिवारवालों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.