तीन बच्चों की मां को लेकर फरार हुआ 60 वर्षीय बुजुर्ग की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पलामू के पाटन और पड़वा पुलिस को आक्रोशित ग्रामीणों ने छह घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाए रखा।
इस दौरान जहां महिला की शादी उस बुजुर्ग से करने और उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
आखिरकार पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने बंधक बनाए गए पुलिस कर्मियों को छोड़ा।
एक सप्ताह पूर्व पलामू जिला स्थित पाटन थाना क्षेत्र के पाल्हे कला गांव के दुकानदार चंद्रेश्वर पासवान (60 वर्ष) ने गांव के तीन बच्चों की मां को लेकर फरार हो गया था।
इस मामले में महिला के पति मुकेश मेहता ने मेदिनीनगर के महिला थाने में पत्नी को भगाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए चंद्रेश्वर पासवान के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
इससे आक्रोशित आरोपी चंद्रेश्वर पासवान के दो पुत्र रवि पासवान और शशि पासवान ने महिला के पति मुकेश को मारने के उद्देश्य से उसे फांसी पर लटका दिया, तभी मुकेश की बेटी देखी तो शोर मचाने लगी।
आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने मुकेश को बचाया। मुकेश को इलाज के लिए मेदिनीनगर के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मुकेश के 10 वर्षीय बेटी निशा ने बताया कि सुबह में दो व्यक्ति घर में आए थे। इस दौरान वह अपने छोटे भाई को बाहर देखने चली गई।
वापस कमरे में लौटी, तो देखा की पिता फांसी से लटके हुए हैं। उसके बाद शोर मचाना शुरू किया। मुकेश ने पुलिस को बताया की रवि और शशि उसे फांसी पर लटका कर मारने का प्रयास किया था।
मुकेश ने बताया कि पत्नी के साथ चंदे्रश्वर पासवान का लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक सप्ताह पहले चंदे्रश्वर उसकी पत्नी को लेकर फरार हो गया।
महिला अपने तीन छोटे बच्चों को छोड़कर भाग गई है। विरोध करने पर दोनों परिवारों के साथ विवाद शुरू हो गया।
मुकेश के मुताबिक चंद्रेश्वर अपनी गाड़ी उसके दरवाजे पर हमेशा खड़ा करता था। शनिवार को मुकेश ने उसकी गाड़ी को अपने घर के पास से हटवा दिया था, जिसके बाद दोनों बेटों ने मुकेश को मारने की धमकी दी थी।
इसी बीच रविवार की सुबह आरोपी के दोनों बेटे घर पहुंचे। बातचीत करने के बाद मामले को खत्म करने के लिए महिला के पति को ही मारने की कोशिश की।
वहीं जबरन मुकेश को फंदे पर लटकाने की कोशिश की, ताकि मामला आत्महत्या में तब्दील हो जाए। लेकिन बेटी के अचानक पहुंच जाने से पिता की जान बची।
इधर करीब 11 बजे फरार महिला अपने घर पाल्हे पहुंची, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे बंधक बनाकर पाटन पुलिस को खबर किया।
जब पाटन थाना प्रभारी प्रकाश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां एकत्रित ग्रामीणों ने पुलिस बल को भी बंधक बना लिया और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए।
साथ ही इस महिला की शादी चंदे्रश्वर से कराने की मांग करने लगे। वहीं उस महिला ने बताया कि चंद्रेश्वर पासवान उसे उसके मायके छोड़कर भाग गया था।
वहां महिला के मायके वालों ने वहां से उसे भगा दिया था। उसके बाद महिला रविवार को पाल्हे अपने घर पहुंची।
महिला के घर पहुंचने पर पुलिस उसे अपने साथ ले जाना चाह रही थी। इसी बीच ग्रामीणों ने महिला की शादी चंदे्रश्वर से कराने की मांग करते हुए उग्र हो गए। उसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को बंधक बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
फिर पड़वा थाना प्रभारी रूपेश कुमार दूबे और पाटन थाना प्रभारी प्रकाश कुमार ने आरोपियों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया, तब जाकर करीब पुलिस के साथ महिला को ले जाने दिया गया।

0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.