यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections) के चौथे चरण की वोटिंग के बीच लखीमपुर खीरी में शरारती तत्वों ने वोटिंग मशीन को बाधित करने का काम किया है. लखीमपुर खीरी सदर विधानसभा सीट के कादीपुरशानी में शरारती तत्वों ने ईवीएम मशीन यानी ईवीएम में फेविक्विक डालकर वोटिंग को बाधित कर दिया.
मशीन के साथ हुई इस छेड़छाड़ से मशीन बंद हो गई और कुछ समय तक वोटिंग प्रभावित हुई. हालांकि ईवीएम ख़राब होने के बाद प्रशासन ने रिज़र्व में रखी मशीन को स्टार्ट कर मतदान शुरू करवाया.
दोबारा वोटिंग चालू होने तक करीब 30 मिनट तक मतदान बाधित रहा और लोग कतारों में खड़े रहे. लोगों में शरारती तत्वों की इस हरकत को लेकर गुस्सा देखा गया.
लोगों का कहना है कि जब बूथ के अंदर मोबाइल तक ले जाने की भी अनुमति नहीं है तो शरारती तत्व फेविक्विक लेकर कैसे पहुंचे. फ़िलहाल पुलिस आरोपी की शिनाख्त में जुटी है.
पुलिस अधिकारियों का इस मामले में कहना है कि जिसने भी यह हरक़त की है, उसे चिन्हित किया जा रहा है. जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा.
बता दें कि लखीमपुर खीरी जिले में सुबह 11 बजे तक 26 फ़ीसदी से ज्यादा लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था. जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा मतदान का प्रतिशत और बढ़ने की उम्मीद है. इस बार यहा भाजपा व समाजवादी पार्टी में कड़ी टक्कर होती दिख रही है.
पीलीभीत में शराब पीकर पीठासीन अधिकारी का मतदान केंद्र पर हंगामा
दूसरी ओर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी पर शराब के नशे में मतदान केंद्र पहुंचने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि आरोपी पीठासीन अधिकारी पूरनपुर जीजीआईसी बूथ पर तैनात थे. पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है. आरोप है कि पीठासीन अधिकारी ने नशे की हालत में पोलिंग सेंटर पर जमकर बवाल काटा.
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.