किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए खेती की पैदावार बढ़ाना बेहद जरूरी है और पैदावार बढ़ाने में उन्नत किस्म के बीजों की बहुत अहम भूमिका होती है, क्योंकि अच्छा बीज ही अच्छी खेती का आधार होता है.
इसे देखते हुए सरकार का भी जोर अच्छी किस्म के बीज तैयार करने और बीज वितरण पर रहता है. इसी दिशा में प्रयास करते हुए सरकार ने फलों और सब्जियों की 6 नई उन्नत किस्मों को लॉन्च किया है.
नई दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान-आईसीएआर के 60वें दीक्षांत समारोह में कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने फलों और सब्जियों की 6 किस्मों को राष्ट्र को समर्पित किया.
इन किस्मों में आम की दो किस्में पूसा लालिमा और पूसा श्रेष्ठ, बैगन की पूसा वैभव किस्म, पालक की पूसा विलायती किस्म शामिल है।
इसक अलीावा कछारी भूमि पर खेती करने वाले किसानों के लिए ककड़ी की पूसा गाइनोशियस ककड़ी हाइब्रिड-18 और पूसा गुलाब की अल्पना किस्म पेश की गई है.
कृषि मंत्री ने उन्नत किस्मों और तकनीकों से खाद्य और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूसा द्वारा किए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र की तरक्की के लिए उन्नत बीजों का विकास बहुत जरूरी है.
उन्होंने कहा कि सरकार ने भारत को टॉप 10 कृषि उत्पाद निर्यातक देशों में शामिल करावाया है. अब हमारा लक्ष्य भारत को टॉप 5 देशों में शामिल करना है. और यह लक्ष्य भी जल्द ही हासिल कर लिया जाएगा.
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार कृषि संस्थानों को ड्रोन की खरीद के लिए 100 प्रतिशत अनुदान दे रही है, ताकि इस तकनीक को संस्थानों में पढ़ाया जा सके. कृषि स्नातक भी ड्रोन खरीद के लिए अनुदान सहायता प्राप्त करने के पात्र हैं.
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.