कुवांरों को ऐसे ठगती थी ये शादीशुदा ‘बबली’ : मां और एजेंट रचते थे ऐसी साजिश


इंदौर के परदेशीपुरा थाने की पुलिस ने ऐसे गिरोह को पकड़ा है जो शादी का कॉन्‍ट्रैक्‍ट कर अविवाहित युवकों को निशाना बनाते थे। गिरोह में शामिल युवती खुद को कुंवारी और गरीब परिवार की बताकर रुपये ऐंठ लेती थी। युवती की मां और एजेंट इस शादी के गवाह बनते थे। 


पुलिस ने इस गिरोह का शिकार हुए एक युवक की शिकायत पर तीनों के विरुद्ध धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। तीनों आरोपितों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ चल रही है।।


पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक टापूनगर निवासी चंदू की शिकायत पर महेंद्र निवासी भागीरथपुरा, पूजा निवासी भागीरथपुरा और लक्ष्मी निवासी भागीरथपुरा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। 


चंदू के मुताबिक, आरोपित पूजा व उसकी मां लक्ष्मी पहले घर के पास ही रहती थी। इस दौरान एजेंट के माध्यम से शादी की बातचीत चली। आरोपितों ने पहले 30 हजार रुपये ले लिए। बाद में कोर्ट में अनुबंध का झांसा देकर दोबारा 44 हजार रुपये ले लिए। शादी के पहले ज्वेलरी, साड़ियां और कपड़े भी खरीद लिए।


इसके बाद सभी आरोपित चकमा देकर फरार हो गए। एजेंट महेंद्र ने भी मदद से इन्कार कर दिया। सोमवार को चंदू ने कलाली के समीप से महेंद्र को पकड़ा तो पता चला कि मां-बेटी भागीरथपुरा में किराये के मकान में रहती हैं। देर रात पुलिस ने पूजा को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि पूजा शादीशुदा है। इसी तरह लोगों को ठगती है। उसने राजस्थान में एक युवक से भी शादी की और जेवर व रुपये लेकर फरार हो गई।

 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ