आज का दिन देश की बेटियों के नाम है. राष्ट्रीय बालिका दिवस पर हम आज आपकी बिटिया रानी के सुनहरे भविष्य के लिए किए जाने वाले कुछ निवेश विकल्पों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपना कर आप बेटी को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं.
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY). बेटियों के लिए निवेश का सबसे लोकप्रिय विकल्प है. किसी भी बैंक या पोस्ट ऑफिस में अधिकतम दो बेटियों के नाम से यह खाता खोला जा सकता है. इसमें 1,000 रुपये से शुरुआत करके सालाना 1.5 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं, जिसपर सालाना 7.6 फीसदी का ब्याज मिलता है. बिटिया के 21 साल की होने पर यह खाता मेच्योर हो जाता है और पूरी रकम निकाली जा सकती है.
चिल्ड्रेन गिफ्ट म्यूचुअल फंड (CGMF)
इस म्यूचुअल फंड योजना को भी बेटियों के नाम से शुरू किया जा सकता है. इसका लॉक-इन पीरियड 18 साल होता है, जिससे भविष्य में मोटी रकम तैयार हो जाती है. निवेशित रकम इक्विटी और डेट फंडों में लगाई जाती है. वैसे तो इसकी कोई फिक्स ब्याज दर नहीं होती, लेकिन शेयर बाजार से जुड़े होने के कारण तगड़े रिटर्न की पूरी संभावना रहती है. अगर आप एसआईपी के जरिये हर महीने इसमें 5 हजार रुपये निवेश करते हैं तो औसतन 12 फीसदी की दर से 18 साल में आपको 38.27 लाख रुपये मिलेंगे जबकि आपका कुल निवेश महज 10.80 लाख रुपये का होगा.
नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC)
डाकघर की यह निवेश योजना भी बेटियों के नाम से चालू की जा सकती है. इस पर अभी सालाना 7.6 फीसदी का गारंटीड रिटर्न मिल रहा है. इसमें 1,000 रुपये की रकम से निवेश की शुरुआत की जा सकती है, जबकि अधिकतम निवेश राशि की कोई सीमा नहीं है. इसका मेच्योरिटी पीरियड 5 साल होता है, जिस पर टैक्स छूट भी मिलती है. इस खाते को एक से दूसरे के नाम ट्रांसफर भी किया जा सकता है.
यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (ULIP)
बीमा कंपनियों की ओर से पेश की जाने वाली यह योजना बेटियों को दोहरी सुरक्षा प्रदान करती है. पूंजी बाजार से जुड़े इस विकल्प में जीवन बीमा का लाभ मिलने के साथ मेच्योरिटी पर बड़ा फंड भी तैयार हो जाता है. अलग-अलग बीमा कंपनियां अपने यूलिप प्लान के बेनिफिट भी अलग तय करती हैं, जिस पर 7 से 9 फीसदी का सालाना ब्याज मिल जाता है. योजना में हर महीने भुगतान का भी विकल्प मिलता है, जिसे बेटी की पढ़ाई के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
गोल्ड ईटीएफ (Gold ETF)
बेटी की शादी के लिए सोने के गहनों के इंतज़ाम के लिए गोल्ड ईटीएफ में निवेश करना एक बेहतर विकल्प है . यह भौतिक रूप से सोने की खरीदारी किए बिना ही सोने में निवेश का विकल्प देता है. साथ ही इसे सुरक्षित रखने के लिए किसी लॉकर की जरूरत भी नहीं रहती और न ही चोरी होने का डर होता है. इसमें कोई मेच्योरिटी पीरियड भी नहीं रहता, जिससे आप जब चाहें इसे बेचकर बेटी के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं.
- ये भी पढ़ें
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.