मुंबई के वर्सोवा में एक फ्लैट में डोमेस्टिक हेल्पर के रूप में काम करने वाली नाबालिग लड़की ने मालिक पर मारपीट और कपड़े उतरवाने का आरोप लगाया है। नाबालिग ने अपनी बहन को आपबीती सुनाई, और बहन ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वर्सोवा फ्लैट में अकेली रहने वाली 25 वर्षीय आरोपी एक संघर्षरत अभिनेत्री है। नाबालिग बीते चार महीने से फ्लैट में काम कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, लड़की के नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद महिला ने उसे घरेलू सहायिका के रूप में काम पर रखा।
नाबालिग लड़की के बयान के मुताबिक, काम ठीक से न करने पर उसके साथ कई बार मारपीट की गई। पीड़िता ने शुरू में प्रताड़ना के खिलाफ शिकायत नहीं की थी। लेकिन पिछली बार समय पर काम पूरा नहीं करने पर आरोपी महिला ने उसे फिर से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
काम पूरा होने में देरी होने पर उसके साथ मारपीट की गई और जबरदस्ती कपड़े उतारने को कहा। इसके बाद उसने कथित तौर पर नाबालिग की तस्वीरें क्लिक की और वीडियो रिकॉर्ड किया।
आरोपी ने पीड़िता पर चप्पल से हमला किया, जिससे पीड़िता के सिर पर चोटें आईं। इसके बाद वह इलाज के लिए अस्पताल गई और जब उसकी बहन ने चोट के बारे में पूछताछ की तो उसने अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता के साथ बहन ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.