हत्या कर पानी की टंकी पर चढ़े आरोपी, लोगों से चिल्‍ला कर कहा- मीडिया को बुलाओ


छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हत्या का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बचने के बजाय बड़े ही अजब तरीके से सबके सामने अपना जुर्म कबूल किया। 

वे गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गए और जोर-जोर से आवाज देकर कहने लगे कि हमने भागवत का मर्डर किया है। पानी की टंकी पर आरोपियों ने हथियार के साथ अपना वीडियो बनाकर दूसरे ग्रुपों में शेयर भी कर दिया। 

गांव वालों के सूचना देने पर पुलिस गांव पहुंची। दोनों को पानी टंकी से नीचे उतरने को कहा, लेकिन वे नहीं उतरे। इतना ही नहीं वे मीडिया को बुलाने की जिद पर अड़ गए। सूचना पर कुछ मीडिया से जुड़े लोग पहुंचे तब आरोपी टंकी से उतरे। 

इसके बाद आरोपियों ने मीडिया से बात कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। खबर के मुताबिक, यह पूरा मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के गांव तुस्मा का है। 

जमीन मामले को लेकर दो युवकों ने गांव के ही पंच भागवत साहू की दिनदहाड़े हत्या कर दी। इसके बाद पानी की टंकी पर चढ़ गए और बैठे रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ