ससुराल आए दामाद ने रची गहरी हत्या की साजिश, आटे में मिलाया जहर, फिर...


पत्नी के साथ सामान्य संबंध न होने पर दामाद ने पूरे परिवार को ही मौत की नींद सुलाने की मंशा से आटे में जहरीला पदार्थ मिला दिया।

इससे सुबह खाना बनने के बाद जो खाना खाता गया वह अचेत हो गया। आरोपित की पत्नी की अस्पताल में मृत्यु हो गई, जबकि तीन का इलाज चल रहा है। मामला यूपी के सैफई थाना क्षेत्र के गांव नंगला सुभान का है।

अस्पताल में भर्ती छोटे लाल प्रजापति ने बताया कि उनका दामाद आए दिन पुत्री सरिता के साथ मारपीट करता था, जिस कारण पुत्री को मायके ले आए थे।

वह 10 माह से मायके में ही रह रही थी। सोमवार की रात करीब 11 बजे दामाद प्रमोद घर पर आया था। उसने बेटी से बातचीत की और घर पर रुक गया था।

मंगलवार तड़के चार बजे जब घर पर आए तो दामाद वहां से निकल रहा था, जिसे टोकते हुए पूछा कि इतनी जल्दी कहां जा रहे हो तो वह वजह बताए बिना ही चला गया।

छोटे लाल प्रजापति के मुताबिक सुबह करीब सात बजे 25 वर्षीय बेटी सरिता ने खाना बनाया, जैसे ही उन्होंने और 16 वर्षीय छोटी बेटी प्रीति व सरिता की सात वर्षीय बेटी बंदो ने खाना खाया तो उन तीनों को उल्टी होना शुरू हो गई और वे बेहोश हो गए।

करीब दो बजे मेडिकल यूनिवर्सिटी सैफई में भर्ती किया गया, जहां पर सरिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। बाकी का उपचार चल रहा है।

सूचना पर थाना प्रभारी तारिक खान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के भाई द्वारा थाने पर पोस्टमार्टम के लिए लिखित सूचना दी गई थी, जिसके आधार पर पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ