दिल्ली के मालवीय नगर में 33 साल की एक महिला की चाकू मार कर हत्या किए जाने के दो दिन बाद इस सिलसिले में उसके पति और दो अन्य हत्यारों को गिरफ्तार किया गया।
महिला पर 17 बार चाकुओं से हमला किया गया था। नवीन कुमार गुल्लैया (36) ने एक अन्य महिला के साथ अपने संबंधों के बारे में पत्नी रीना को पता चलने पर सुपारी देकर बदमाशों की मदद से उसकी हत्या करने का फैसला किया।
नवीन के विवाहेत्तर संबंधों के कारण रीना और उसके बीच लगातार झगड़े होते रहते थे। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर के शेख सराय इलाके में हुई घटना से सनसनी फैल गई थी।
पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि चाकुओं के हमले में घायल हुई एक महिला को उसका पति वहां लेकर आया है, जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृत महिला की पहचान रीना के रूप में की गयी, जिसके ऊपर कम से कम 17 बार चाकुओं से हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में उसके पति नवीन के अलावा सुपारी लेकर हत्या करने वाले राहुल और सोनू नामक दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.