
प्रतीकात्मक तस्वीर
लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर भारत और चीन के बीच जारी गतिरोध के बीच चीनी सैनिकों और कुछ नागरिकों को लद्दाख के देमचुक क्षेत्र में सिंधु नदी के पास बैनर और चीनी झंडे लहराने की जानकारी सामने आई है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 6 जुलाई की है, जब भारतीय इलाके में ग्रामीण तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के जन्मदिन पर जश्न मना रहे थे.
खबर में बताया गया है कि देमचुक में गांव के सामुदायिक केंद्र के नजदीक पांच गाड़ियों में चीन की सेना के जवान और कुछ नागरिक बैनर लहराते देखे गए.
चीनी सैनिकों ने यह कदम तब उठाया है जब दोनों देशों के बीच पूर्वी लद्दाख में कुछ टकराव बिंदुओं पर गतिरोध जारी है.
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले सप्ताह दलाई लामा को जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्विटर पर लिखा था, “महामहिम दलाई लामा के साथ फोन पर बातचीत की और उन्हें 86वें जन्मदिन की बधाई दी. हम उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं.”
प्रधानमंत्री मोदी के इस ट्वीट को तिब्बती कार्यकर्ताओं ने चीन को एक कड़े संदेश के तौर पर देखा था. तिब्बती संसद की सदस्य डोलमा सेरिंग ने इसे एक सकारात्मक कदम बताया था.
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.