
दिल्लीवासियों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनवाना और भी आसान होने जा रहा है. अगले साल से लोग हफ्ते के सातों दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच कभी भी ड्राइविंग टेस्ट दे सकेंगे.
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के मुताबिक यह सुविधा अगले साल से दिल्ली के 5 आरटीओ दफ्तरों में शुरू की जाएगी.
शुरुआत में यह सुविधा दिल्ली के सबसे ज्यादा डीएल आवेदनों वाले सराय काले खां, रोहिणी, लोनी रोड, शकूर बस्ती, रोहिणी और जनकपुरी आरटीओ कार्यालय में शुरू की जाएगी.
इसके लिए विभाग ने सभी स्वचालित ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक (एडीटीटी) के संचालन और रखरखाव को आउटसोर्स करने के लिए एक निविदा जारी कर दी है.
इसके तहत अगले साल से ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक वाले इन कार्यालयों में सप्ताह के सभी दिन 12-12 घंटे की शिफ्ट शुरू की जाएगी.
इसके बाद अगले चरण में राजधानी के अन्य आरटीओ दफ्तरों में भी इसे शुरू किया जा सकता है. अगले साल तक पूरी दिल्ली में ऐसे 12 ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक बनाने की योजना है.
क्यों उठाया यह कदम
परिवहन विभाग ने यह कदम बिना राजधानी दिल्ली में लाइसेंस बनवाए ही वाहन चलाने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उठाया है.दरअसल, आरटीओ कार्यालयों में डीएल के आवेदनों की संख्या बहुत अधिक होने के बावजूद लोगों का डीएल टेस्ट न हो पाने के कारण बहुत से लोग बिना डीएल बनवाए ही वाहन चलाने लग रहे हैं. इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है.
0 टिप्पणियाँ
आपकी टिप्पणियों, प्रतिक्रियाओं व सुझावों का स्वागत है, पर भाषा की गरिमा और शब्दों की मर्यादा अवश्य बनाए रखें.